पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस बैठक की जानकारी भारत के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई।
शासन,सीमा सुरक्षा और विकास के मुद्दों पर फोकस
सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। बैठक के दौरान राज्य प्रशासन, सीमा सुरक्षा प्रबंधन और पश्चिम बंगाल से जुड़े क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर चर्चा हुई। खासतौर पर भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा और प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मालदा समेत संवेदनशील जिलों के विकास पर चर्चा
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के समक्ष राज्य के कुछ संवेदनशील जिलों, विशेषकर मालदा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक पहलों को लेकर भी चर्चा की। इसके साथ ही भारत-बांग्लादेश सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया गया।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चा
इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। ऐसे समय में जब राज्य और केंद्र के बीच विभिन्न मुद्दों पर संवाद जारी है, मुख्यमंत्री की राष्ट्रपति से मुलाकात को प्रशासनिक और रणनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।