Swiggy-Zomato Bengaluru Update: बेंगलुरु में ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खबर है। शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने Swiggy और Zomato के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो 15 अगस्त 2026 के बाद कई रेस्टोरेंट इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए ऑर्डर लेना बंद कर सकते हैं। रेस्टोरेंट एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से भुगतान, बिलिंग और अन्य व्यावसायिक मुद्दों को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक संतोषजनक समाधान नहीं मिला है।
क्या है पूरा मामला?
बेंगलुरु के होटल और रेस्टोरेंट मालिकों ने Swiggy और Zomato की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। रेस्टोरेंट एसोसिएशन का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो 15 अगस्त के बाद शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट इन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स से खुद को अलग कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो ग्राहकों को कई लोकप्रिय रेस्टोरेंट्स का खाना इन ऐप्स पर उपलब्ध नहीं होगा।
Swiggy और Zomato से क्या हैं शिकायतें?
एसोसिएशन के मुताबिक सबसे अधिक शिकायतें Swiggy को लेकर सामने आई हैं, हालांकि Zomato की नीतियों को लेकर भी रेस्टोरेंट संचालकों ने सवाल उठाए हैं। रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में कई फैसले प्लेटफॉर्म की ओर से एकतरफा लिए जाते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है।
रेस्टोरेंट मालिकों की प्रमुख मांगें
होटल और रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने फूड डिलीवरी कंपनियों के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें प्रमुख मांगें हैं-
ग्राहक की शिकायत पर बिना उचित जांच के भुगतान काटना बंद किया जाए।
खाना तैयार होने के बाद ऑर्डर रद्द होने पर रेस्टोरेंट को उचित मुआवजा मिले।
हर भुगतान और कटौती का स्पष्ट एवं पारदर्शी स्टेटमेंट उपलब्ध कराया जाए।
ऐसे नियम और शर्तों में बदलाव हो जो केवल प्लेटफॉर्म के पक्ष में हों।
रेस्टोरेंट की समस्याओं के समाधान के लिए अलग रिलेशनशिप मैनेजर नियुक्त किया जाए।
रेस्टोरेंट की अनुमति के बिना डिस्काउंट या प्रमोशनल ऑफर न चलाए जाएं।
लिखित शिकायत देगा BBHA
ब्रुहट बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन (BBHA) और अन्य संगठनों ने निर्णय लिया है कि वे Swiggy और Zomato को जल्द ही अपनी मांगों से जुड़ी लिखित शिकायत सौंपेंगे। एसोसिएशन कंपनियों से लिखित जवाब और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग करेगा।
क्या बंद हो जाएगी पूरी Swiggy-Zomato सेवा?
फिलहाल Swiggy और Zomato की सेवाएं बंद नहीं हुई हैं। रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने केवल यह चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती, तो 15 अगस्त के बाद कई रेस्टोरेंट इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से ऑर्डर स्वीकार करना बंद कर सकते हैं। यानी यह किसी सरकारी प्रतिबंध का मामला नहीं है, बल्कि रेस्टोरेंट संचालकों और फूड डिलीवरी कंपनियों के बीच चल रहे व्यावसायिक विवाद से जुड़ा मुद्दा है।