चेन्नई। तमिलनाडु सरकार में मंत्रिपरिषद विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री की सिफारिश पर दो विधायकों को कैबिनेट में शामिल करने की मंजूरी राज्यपाल ने दे दी है। इसे क्षेत्रीय संतुलन और नए नेतृत्व को मौका देने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। लोक भवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पापनासम से विधायक ए.एम. शाहजहां और तिंडीवनम से विधायक वन्नी अरसु को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाएगा। दोनों नेताओं की एंट्री को तमिलनाडु की राजनीति में अहम माना जा रहा है।
राज्यपाल ने दी मंजूरी
तमिलनाडु के राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर दोनों विधायकों को मंत्रिपरिषद में शामिल करने की स्वीकृति दे दी है। ए.एम. शाहजहां दक्षिण तमिलनाडु के पापनासम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि वन्नी अरसु उत्तर-पूर्वी क्षेत्र तिंडीवनम से विधायक हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों नेताओं को कैबिनेट में शामिल कर सरकार क्षेत्रीय संतुलन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
23 नए मंत्रियों ने ली थी शपथ
इससे पहले गुरुवार को 23 नए मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। राज्यपाल ने विभागों के आवंटन को भी मंजूरी दी थी। श्रीनाथ को मत्स्य पालन, कमाली एस. को पशुपालन, सी. विजयलक्ष्मी को दुग्ध एवं डेयरी विकास और आरवी रंजीत कुमार को वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विनोद को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और राजीव को पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का प्रभार दिया गया।
कई अहम विभागों का हुआ बंटवारा
बी. राजकुमार को आवास एवं शहरी विकास, वी. गांधीराज को सहकारिता और मथन राजा पी. को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग सौंपा गया है। जगदीश्वरी के. को समाज कल्याण एवं महिला सशक्तीकरण, जबकि राजेश कुमार एस. को पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एम. विजय बालाजी को हथकरघा एवं वस्त्र, लोगेश तमिलसेल्वन डी. को वाणिज्यिक कर एवं पंजीकरण और विजय तमिलन पार्थिबन ए. को परिवहन विभाग का कार्यभार मिला है।
AI और डिजिटल सेवा विभाग पर भी फोकस
सरकार ने तकनीकी और डिजिटल सेक्टर पर भी खास ध्यान दिया है। कुमार आर. को नवगठित कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सेवा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पी. विश्वनाथन को उच्च शिक्षा, थेन्नारासु के. को अनिवासी तमिल कल्याण और मोहम्मद फरवास को श्रम कल्याण एवं कौशल विकास विभाग सौंपा गया है।