भोपाल: मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में आज बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है। दिल्ली के AIIMS की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंच चुकी है, जहां त्विषा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया जाएगा। इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
हाईकोर्ट के आदेश पर गठित हुआ मेडिकल बोर्ड
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद AIIMS दिल्ली ने चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। यह टीम भोपाल AIIMS में वीडियोग्राफी के साथ त्विषा का विस्तृत दूसरा पोस्टमार्टम करेगी। मामले की हर प्रक्रिया को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
त्विषा शर्मा की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स और मामले में सामने आए तथ्यों को देखते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सोमवार 25 मई को सुनवाई करेगी। मामले को “ससुराल में युवती की अप्राकृतिक मौत और कथित प्रक्रियात्मक अनियमितताओं” के रूप में दर्ज किया गया है।
ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं त्विषा
33 वर्षीय त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फांसी पर लटकी मिली थीं। शादी को कुछ ही महीने हुए थे। इसके बाद पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया।
पति गिरफ्तार, 7 दिन की पुलिस रिमांड
मामले में फरार चल रहे पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, सास गिरिबाला सिंह ने दावा किया है कि पुलिस ने अभी तक उनका बयान दर्ज नहीं किया है।
CBI जांच की सिफारिश
मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश भी की है। त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मांग की है कि जल्द से जल्द केंद्रीय एजेंसी जांच शुरू करे ताकि सच सामने आ सके।