मधुबनी: Madhubani में गुरुवार (28 मई, 2026) तड़के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी उधना एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22563) की एक बोगी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कोच धू-धूकर जलने लगा और स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन में अचानक लगी आग
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खाली खड़ी थी, तभी अचानक एक बोगी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कोच के अंदर की सीटें जलकर राख हो गईं।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से बाकी बोगियों को नुकसान नहीं पहुंचा।
कारणों की जांच जारी
रेल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पूरे मामले की जांच के बाद ही वास्तविक वजह सामने आएगी।
डीआरएम ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम मौके पर पहुंचे और जली हुई बोगी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्टेशन पर करीब तीन साल पहले भी खाली कोच में आग लगने की घटना हो चुकी है। बार-बार ऐसी घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।