देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर भारत समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और तेज आंधी ने तबाही मचा दी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान आंधी, बारिश और बिजली गिरने से कुल 48 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में 31 मौतें, सहारनपुर में बह गईं 10 गाड़ियां
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश के चलते 31 लोगों की जान चली गई। कई जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया, जिससे इनोवा, ट्रैक्टर समेत करीब 10 वाहन पानी में बह गए। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
बिहार में 17 लोगों की मौत, फ्लाइट संचालन प्रभावित
बिहार में भी मौसम का कहर देखने को मिला। आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। राजधानी पटना में खराब मौसम के कारण चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 18 फ्लाइट निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं। इससे 500 से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 1 जून के लिए 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान और पंजाब में भी बदला मौसम
राजस्थान में भी मौसम ने बड़ा बदलाव दिखाया है। शनिवार को 30 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर और सीकर समेत कई जिलों में तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पंजाब के पठानकोट में शनिवार सुबह ओलावृष्टि हुई, जबकि मोहाली में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।
7 दिनों में केरल पहुंच सकता है मानसून
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले सात दिनों में केरल पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने की आशंका भी जताई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून से सितंबर के बीच देश में औसतन 78 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है, जबकि सामान्य मानसूनी वर्षा का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। बिहार और उत्तर प्रदेश में सामान्य बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन कई अन्य राज्यों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 जून तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।