मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे के तहत सोमवार को जयपुर पहुंच रहे हैं। उनकी यात्रा को लेकर राजस्थान की राजधानी में सुरक्षा और स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
पहली बार जयपुर दौरे पर रुबियो
यह मार्को रुबियो की पहली जयपुर यात्रा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वे सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे और 26 मई की सुबह रवाना होंगे। इस दौरान उनके आमेर किले का दौरा करने की भी संभावना है।
आमेर फोर्ट में होगा पारंपरिक स्वागत
आमेर फोर्ट में उपमुख्यमंत्री Diya Kumari उनके स्वागत के लिए मौजूद रहेंगी। किले के जलेब चौक में भव्य स्वागत समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राजस्थान की संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को भी आमंत्रित किया गया है। स्वागत समारोह में पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
शहर में हाई अलर्ट, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यात्रा मार्ग, होटल, कार्यक्रम स्थल और पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
शहर की सुंदरता बढ़ाने का काम तेज
रुबियो के दौरे को लेकर शहर में साफ-सफाई, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज कर दिया गया है। खासकर आमेर पैलेस और आसपास के इलाकों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने पर फोकस
मार्को रुबियो 23 से 26 मई तक भारत दौरे पर हैं। इस दौरान वे कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक मामलों में सहयोग को और मजबूत करना है। नई दिल्ली में क्वाड देशों की बैठक से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
पहले भी जयपुर आ चुके हैं अमेरिकी उपराष्ट्रपति
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अमेरिका के उपराष्ट्रपति JD Vance भी अपने परिवार के साथ जयपुर आए थे। उस दौरान उन्होंने आमेर फोर्ट समेत कई पर्यटन स्थलों का दौरा किया था।