कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में 'जनता दरबार' का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री से सीधे अपनी शिकायतें साझा करने और न्याय की गुहार लगाने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। इस दरबार में शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती के उम्मीदवारों के साथ-साथ धोखाधड़ी के शिकार हुए एक बुजुर्ग ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई। मुख्यमंत्री ने सभी को उचित कार्रवाई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
शिक्षक उम्मीदवारों की मांग: 'ओएमआर शीट के आधार पर हो फ्रेश सिलेक्शन'
'योग्य शिक्षक-शिक्षिका, शिक्षाकर्मी और अनशनकारी मंच' के संयोजक सुमन विश्वास के नेतृत्व में नौकरी गंवाने वाले और योग्य उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सुमन विश्वास ने कहा: "22 लाख नौकरी उम्मीदवारों के ओएमआर (OMR) शीट को प्रकाशित करने और उसके प्राप्तांकों, एकेडमिक स्कोर व न्यूनतम 10 नंबरों के आधार पर नियुक्ति को लेकर हमारी लंबी लड़ाई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद अभी तक फ्रेश सिलेक्शन नहीं हुआ है। आगामी 31 अगस्त तक नौकरी से हटाए गए लोग सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एक्सटेंशन पर हैं। हम इस समस्या से मुक्ति चाहते हैं।"
उम्मीदवारों ने आशा व्यक्त की है कि यह जनता की सरकार है और विधानसभा में नया कानून बनाकर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से नबन्ना (सचिवालय) में एक विशेष बैठक करने का भी अनुरोध किया है। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में मुख्यमंत्री से मिलना असंभव था, लेकिन शुभेंदु अधिकारी ने साबित कर दिया कि वे आम जनता के लिए हमेशा उपलब्ध हैं।
महिला पुलिस भर्ती में ऊंचाई (Height) को लेकर उठी मांग
जनता दरबार में केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि पुलिस भर्ती के उम्मीदवार भी पहुंचे। महिला उम्मीदवारों ने पुलिस भर्ती में शारीरिक मापदंड (Height Criteria) से जुड़ी एक बड़ी समस्या को मुख्यमंत्री के सामने रखा।
सुस्मिता धाड़ा नाम की एक उम्मीदवार ने बताया कि पश्चिम बंगाल की जनगणना के अनुसार यहां महिलाओं की औसत लंबाई 151.1 सेंटीमीटर है। इसके विपरीत, राज्य में पुलिस (SI, कांस्टेबल, आबकारी पुलिस और कोलकाता पुलिस) भर्ती के लिए महिलाओं की न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर मांगी जाती है, जो कि बहुत ज्यादा है। यहां तक कि केंद्र सरकार की पुलिस भर्तियों में भी यह मापदंड औसतन 157 सेंटीमीटर होता है। इस कड़े नियम के कारण बंगाल की हजारों योग्य युवतियां पुलिस सेवा में शामिल होने से वंचित रह जाती हैं। उम्मीदवारों ने इस नियम में ढील देने की अपील की है।
प्रमोटर के झांसे में आकर बेघर हुए 80 साल के बुजुर्ग पहुंचे दरबार
हाथ में लाठी और बदन पर हरा कुर्ता पहने 80 वर्षीय बुजुर्ग प्रबीर मुखोपाध्याय अपनी पत्नी के साथ इस उम्मीद में जनता दरबार पहुंचे कि उन्हें अपने सिर की छत वापस मिल जाएगी। प्रबीर बाबू ने अपनी पैतृक जमीन एक बहुमंजिला इमारत बनाने के लिए जयदेव कामदार और सोना पापू नाम के व्यक्तियों को सौंपी थी, ताकि उन्हें वहां रहने के लिए एक फ्लैट मिल सके।
बुजुर्ग का आरोप है कि जमीन लेने के बाद भी उन्हें फ्लैट नहीं दिया गया। उल्टा फ्लैट मांगने पर उन्हें धमकियां मिलीं और 17 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। फिलहाल आरोपी जयदेव और सोना पापू जेल में हैं, जिससे बुजुर्ग का फ्लैट मिलने का रास्ता बंद हो गया है। प्रबीर बाबू फिलहाल अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें समस्या के समाधान का पूरा आश्वासन मिला है।
हर सोमवार को सजेगा 'जनता का दरबार'
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अब हर सोमवार को साल्टलेक कार्यालय में सीधे आम जनता की शिकायतें सुनेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लोगों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) कराना अनिवार्य होगा।