पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान शुरू हो गया। सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के बूथ शामिल
डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 117, 179, 194 और 243 पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। वहीं मगराहाट पश्चिम के बूथ नंबर 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 पर पुनर्मतदान हो रहा है। सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान की तस्वीर सामने आई है।
सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त
पुनर्मतदान के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बल और राज्य पुलिस पूरी तरह तैनात हैं। बूथों के बाहर किसी भी तरह की भीड़ या राजनीतिक जमावड़े की अनुमति नहीं दी जा रही है। इलाके में लगातार जवान गश्त कर रहे हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनी रहे।
शिकायतों के बाद चुनाव आयोग का बड़ा फैसला
दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी कैमरे बंद होने और मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। चुनाव आयोग की जांच में कई अहम जानकारियां मिलीं, जिसके बाद आयोग ने पुनर्मतदान कराने का निर्णय लिया।
रिपोर्ट के बाद आगे भी हो सकता है बड़ा फैसला
विशेष पर्यवेक्षक सुब्रता गुप्ता ने बताया था कि डायमंड हार्बर के पर्यवेक्षक और रिटर्निंग ऑफिसर ने चार बार पुनर्मतदान का प्रस्ताव भेजा था। अब आयोग पूरी रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे के फैसले ले सकता है। सूत्रों के अनुसार, करीब 30 बूथों में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है।
नतीजों को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
पुनर्मतदान के बीच चुनाव परिणामों को लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है। सभी दलों की नजर अब इन संवेदनशील बूथों पर टिकी हुई है। यह देखना अहम होगा कि आयोग आगे और कौन से कदम उठाता है।