कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (CM Suvendu Adhikari) ने घोषणा की है कि आज यानी बुधवार से ही 'अन्नपूर्णा भंडार' (Annapurna Bhandar) योजना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कल्याणी में हुई प्रशासनिक बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि वह आज नबन्ना (सचिवालय) से मुख्य सचिव और गृह सचिव की उपस्थिति में मंत्री अग्निमित्रा पॉल के साथ इस योजना का आधिकारिक फॉर्म जारी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना के पैसे मिलने शुरू नहीं हो जाते, तब तक पुरानी 'लक्ष्मी भंडार' (Laxmir Bhandar) योजना चालू रहेगी और उन्हें उसके तहत वित्तीय लाभ मिलता रहेगा।
₹3000 सीधे खाते में, विधायकों और BDO की टीम करेगी मदद
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "उपभोक्ता जितनी जल्दी अपना नाम पंजीकृत (रजिस्टर) कराएंगे, उतनी ही जल्दी उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। जैसे-जैसे फॉर्म फिलअप की प्रक्रिया पूरी होगी, वैसे-वैसे महिलाओं के बैंक खातों में 3000 रुपये ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।"
पब्लिक को फॉर्म भरने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने विशेष व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस काम को पूरी तरह जनता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा। स्थानीय विधायक खुद पहल करके फॉर्म भरवाएंगे। इसके अलावा, सरकार ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के नेतृत्व में सरकारी कर्मचारियों की टीम को घर-घर भेजेगी, जो महिलाओं को फॉर्म भरने में सहयोग करेगी। यह फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होगा।
अनुपैठियों को नहीं मिलेगा लाभ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, "यह ध्यान रखा जाए कि इस योजना का लाभ केवल भारतीय नागरिकों को ही मिलेगा। भारत का पैसा बांग्लादेश से आए अनुप्रवेशकारियों (अवैध प्रवासियों) के लिए नहीं है।"
सरकारी बसों में मुफ्त सफर और ₹5 में मछली-भात
अन्नपूर्णा भंडार के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए एक और बड़ी सौगात दी है। अगले हफ्ते से राज्य की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त सफर (Free Bus Travel) की सेवा शुरू हो जाएगी। पूर्ववर्ती टीएमसी (TMC) सरकार पर निशाना साधते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "पिछली सरकार के समय केवल तृणमूल के नेताओं को ही योजनाओं का लाभ मिलता था, हमारी सरकार ऐसा नहीं करेगी। फिलहाल सभी महिलाओं को मुफ्त बस सेवा मिलेगी, लेकिन जल्द ही इसके लिए 'स्मार्ट कार्ड' जारी किया जाएगा ताकि कोई गलत तरीके से इसका फायदा न उठा सके।"
इसके अलावा, नई सरकार के तहत 'मां कैंटीन' में अब सप्ताह में दो दिन मात्र 5 रुपये में 'मछली-भात' (Fish-Rice) खिलाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई है।