कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल खत्म होने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता जारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य में केंद्रीय बलों की 500 कंपनियों की तैनाती 20 जून तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इस संबंध में गृह मंत्रालय की ओर से पश्चिम बंगाल सरकार को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। यह पत्र राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी को भेजा गया है।
संवेदनशील जिलों में जारी रहेगा फ्लैग मार्च
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय बल राज्य के संवेदनशील और राजनीतिक रूप से तनावग्रस्त इलाकों में फ्लैग मार्च, रूट मार्च और निगरानी अभियान चलाते रहेंगे। केंद्रीय जवान राज्य पुलिस के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। प्रशासन का मानना है कि चुनाव परिणाम के बाद किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम जरूरी है।
राज्य सरकार के अनुरोध पर लिया गया फैसला
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने भी केंद्र से केंद्रीय बलों की तैनाती कुछ समय और जारी रखने का अनुरोध किया था। इसी के बाद गृह मंत्रालय ने 20 जून तक 500 कंपनियों को बंगाल में बनाए रखने का निर्णय लिया। चुनाव के दौरान भी बंगाल में रिकॉर्ड संख्या में केंद्रीय बल तैनात किये गये थे, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव के बाद कई इलाकों में तनाव की आशंका को देखते हुए केंद्र और राज्य दोनों ही कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। यही वजह है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। गृह मंत्रालय ने अपने पत्र में स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय बलों के साथ लगातार समन्वय बनाये रखने का निर्देश भी दिया है।