कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वित्त (ऑडिट) विभाग की ओर से जारी एक महत्वपूर्ण अधिसूचना में सभी प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने विभागों में मौजूद रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी सरकार को सौंपें।
3 जून तक जमा करनी होगी रिपोर्ट
अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी विभागों, निदेशालयों और क्षेत्रीय कार्यालयों को 1 मई 2026 तक की रिक्तियों का पूरा डेटा तैयार कर आगामी 3 जून 2026 तक सरकार को भेजना होगा। इस रिपोर्ट को “Very Urgent and Important” श्रेणी में रखा गया है।
एक्सेल फॉर्मेट में भेजनी होगी जानकारी
सरकार ने साफ निर्देश दिया है कि सभी विभाग केवल निर्धारित एक्सेल स्प्रेडशीट फॉर्मेट में ही रिपोर्ट जमा करेंगे। इसमें तीन अलग-अलग शीट शामिल होंगी —
A : विभाग
B : निदेशालय
C : क्षेत्रीय कार्यालय
किसी भी विभाग को मूल फॉर्मेट में बदलाव करने की अनुमति नहीं दी गई है।
भर्ती के लिए देना होगा ठोस कारण
जो पद सीधी भर्ती (Direct Recruitment) के जरिए भरे जाएंगे, उनके लिए संबंधित विभागों को उचित कारण और विस्तृत औचित्य भी देना होगा। इससे साफ है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना चाहती है।
ईमेल के जरिए होगी रिपोर्ट जमा
सभी विभागाध्यक्षों और नोडल अधिकारियों को अपनी आधिकारिक ईमेल आईडी से निर्धारित मेल आईडी पर रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है। सरकार इस पूरी प्रक्रिया की कड़ी निगरानी करेगी।
युवाओं के लिए खुल सकते हैं नौकरी के नए अवसर
सरकार के इस कदम को राज्य में बड़े पैमाने पर सरकारी भर्ती की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए आने वाले दिनों में अच्छी खबर मिल सकती है।