कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (CM Suvendu Adhikari) लगातार कड़े और बड़े प्रशासनिक फैसले ले रहे हैं। कल्याणी में हुई हाई-लेवल प्रशासनिक बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल को दुरुस्त करने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में 'लोटो' (Lotto) खेल और जुए के अड्डों (Gambling Dens) को पूरी तरह से प्रतिबंधित (Ban) किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पुलिस और जिला प्रशासन को इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
भ्रष्टाचार की जांच तेज, जन कल्याण के लिए लगेंगे कैंप
बैठक से मिली जानकारी के अनुसार, चुनाव के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार ने उत्तर 24 परगना जिला परिषद में हुए कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच तेज करने का फैसला किया है।
इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने 'जन कल्याण शिविर' लगाने का आदेश दिया है। इसके तहत आगामी 15, 16 और 17 जून को जिले के विभिन्न ब्लॉकों, नगर पालिकाओं और नगर निगम क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। बीडीओ (BDO), नगर पालिका के अधिकारियों और निगम कमिश्नरों के नेतृत्व में इन कैंपों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनहितैषी योजनाओं की जानकारी और लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय विधायकों और सांसदों की मौजूदगी भी अनिवार्य की गई है।
उद्योगों को बढ़ावा और बैरकपुर जूट मिलों का संकट होगा दूर
प्रशासनिक बैठक में कानून-व्यवस्था के अलावा जिले की औद्योगिक स्थिति पर भी गंभीर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए उद्योगों को आकर्षित करने और निवेशकों को बंगाल लाने के लिए एक ठोस और निश्चित कार्ययोजना (Action Plan) तैयार की जाए।
जूट मिल संकट का समाधान:
बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र की जूट मिलों में कच्चे जूट की भारी कमी के कारण पैदा हुए संकट पर भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जूट की कमी को दूर करने के लिए 'बांग्लादेश लैंड पोर्ट' (Bangladesh Land Port) के जरिए कच्चे जूट का आयात (Import) शुरू किया जाएगा, जिससे संकटग्रस्त चूट उद्योग और उससे जुड़े हजारों मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी।
'मां के नाम एक पेड़' और योग दिवस की तैयारियां
बैठक में आने वाले दिनों के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पूरे जिले में 'मां के नाम एक पेड़' (Mayer Name Ekti Gach) अभियान चलाया जाएगा। वन और पर्यावरण विभाग के सहयोग से इस दिन फलदार पौधों का वितरण और वृक्षारोपण किया जाएगा।
इसके अलावा, 21 जून को 'अंतरराष्ट्रीय योग दिवस' के अवसर पर आयुष, स्वास्थ्य और खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में बड़े पैमाने पर सामूहिक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पुलिस, स्कूल, एनसीसी (NCC) और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों (NGOs) को सक्रिय रूप से शामिल करने की योजना बनाई गई है।