कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नवगठित भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार अपना पहला पूर्ण बजट पेश करने की तैयारी में है। राज्य का आगामी बजट सत्र 18 जून से शुरू होने जा रहा है, जबकि राज्य का पूर्ण बजट 22 जून को विधानसभा में पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (CM Suvendu Adhikari) ने खुद इन तारीखों की पुष्टि की है। नियमानुसार, सत्र की शुरुआत राज्यपाल के बजट भाषण (अभिभाषण) के साथ होगी।
बजट सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी मंगलवार को राज्य विधानसभा पहुंचे थे। वहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष (Speaker) रथींद्रनाथ बसु के साथ मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी बजट सत्र, बिजनेस एडवाइजरी (BA) कमेटी की बैठक सहित कई महत्वपूर्ण विधायी मुद्दों पर प्राथमिक चर्चा की।
आज राज्यपाल से मिलेंगे मुख्यमंत्री और अध्यक्ष
प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बजट सत्र की औपचारिकताओं को लेकर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बसु राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण और बजट सत्र की तारीखों की मंजूरी को लेकर अंतिम और प्राथमिक बातचीत पूरी कर ली जाएगी।
बीजेपी सरकार के पहले बजट में मिल सकते हैं कई बड़े सरप्राइज
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद भाजपा का यह पहला बजट है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बजट में कई बड़े चौंकाने वाले एलान (Surprises) देखने को मिल सकते हैं। चुनाव के दौरान पार्टी ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार इस बजट में विशेष वित्तीय प्रावधान कर सकती है।
अंतिम बजट बनाम पूर्ण बजट की जंग:
गौरतलब है कि चुनावों के मद्देनजर फरवरी 2024 में तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार ने राज्य का अंतरिम बजट (Vote on Account) पेश किया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कई लोकलुभावन घोषणाएं की थीं। लेकिन अब राज्य की कमान नए दल और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हाथों में है।
कुर्सी संभालते ही मुख्यमंत्री ने 'अन्नपूर्णा भंडार' और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा जैसे कई बड़े फैसले लिए हैं, जिन्होंने आम जनता का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में, अब इस पूर्ण बजट के जरिए सुवेंदु सरकार बंगाल की जनता की झोली में और क्या-क्या नए तोहफे डालती है, इस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।