नई दिल्ली। सावन महीने की पावन शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। इस पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह ने की सुख-शांति की कामना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को श्रावण शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान शिव से सभी के स्वास्थ्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की और अपने संदेश का समापन ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ किया।
ओम बिरला बोले- संयम और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है पर्व
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी श्रावण शिवरात्रि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना लोगों को संयम, सत्य और कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कामना की कि महादेव सभी के जीवन को मंगलमय बनाएं और देश व समाज में सुख, शांति और प्रगति की भावना मजबूत हो।
योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों को दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण शिवरात्रि को देवाधिदेव महादेव की आराधना का पावन अवसर बताते हुए प्रदेशवासियों और शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से नागरिकों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और यश की कामना की।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया आत्मिक शुद्धि का पर्व
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्रावण शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना, साधना और आत्मिक शुद्धि का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि सावन की दिव्यता और शिवरात्रि की साधना का यह संयोग श्रद्धा, भक्ति और कल्याण का विशेष अवसर है।
नायब सैनी ने कहा- हर परिवार में खुशहाली आए
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘ओम नमः शिवाय’ के साथ प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने भगवान महादेव से सभी परिवारों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
मोहन यादव ने महादेव से की मंगलकामना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरदा जिले के ग्राम हंडिया स्थित श्री रिद्वनाथ मंदिर में विराजमान भगवान महादेव का स्मरण करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महादेव से सभी के जीवन को सुख, शांति, समृद्धि और आनंद से भरने की मंगलकामना की।
शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
श्रावण शिवरात्रि के मौके पर सुबह से ही देश के विभिन्न हिस्सों में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। भक्त दूध, गंगाजल, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री से भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंज रहे हैं। कई प्रमुख शिवालयों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।