भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के हीरो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि उनके 175 में से 150 रन बाउंड्री से आए। वैभव ने 218.75 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी उपयोगी 53 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने 2-2 विकेट झटके।
इंग्लैंड की पारी 311 पर सिमटी
412 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की गेंदबाजी ने दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। आरएस अंबरीश ने 3 विकेट झटके, जबकि दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान को 2-2 सफलता मिली। इंग्लैंड की ओर से कालेब फॉल्कनर ने 67 गेंदों पर 115 रन की जुझारू पारी खेली, वहीं ओपनर बेन डॉकिन्स ने 56 गेंदों में 66 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।
छठा खिताब, भारत का दबदबा कायम
इस जीत के साथ भारत ने छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की और जूनियर क्रिकेट में अपना दबदबा एक बार फिर साबित किया। वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी और टीम के संतुलित प्रदर्शन ने इस जीत को यादगार बना दिया।
Comments (0)