साल 1939 में मिस्र की राजधानी काहिरा उस दौर की सबसे चर्चित शाही शादी का साक्षी बनी। मिस्र के अबदीन पैलेस में राजकुमारी फौज़िया का निकाह ईरान के युवराज मोहम्मद रज़ा पहलवी के साथ हुआ। महल को भव्य रोशनी, फूलों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया था। हजारों लोग इस शाही जोड़े की झलक पाने पहुंचे और यह विवाह मिस्र–ईरान संबंधों की नई शुरुआत के रूप में देखा गया। उस समय यह मध्यपूर्व की उन शुरुआती शादियों में शामिल थी, जिनकी विधिवत फिल्मांकन भी किया गया।
राजकुमारी से ईरान की रानी बनने तक का सफर
फौज़िया उस समय केवल 17 वर्ष की थीं। वह मिस्र के राजा फारूक प्रथम की छोटी बहन थीं। विवाह के दो वर्ष बाद, 1941 में मोहम्मद रज़ा पहलवी ईरान के शाह बने और इसी के साथ फौज़िया ईरान की रानी बन गईं। उनकी खूबसूरती की चर्चा पूरी दुनिया में होने लगी। यूरोप से लेकर अरब देशों तक उन्हें उस दौर की “सबसे सुंदर राजकुमारी” कहा जाता था। लेकिन शोहरत और शाही ठाट–बाट के पीछे उनका वास्तविक जीवन उतना सुखद नहीं था।
ईरानी दरबार में अकेलापन और बढ़ती दूरिया
निकाह के कुछ ही समय बाद फौज़िया और पहलवी के बीच दूरी बढ़ने लगी। फौज़िया को फ़ारसी भाषा नहीं आती थी, जिससे उन्हें ईरानी दरबार, परंपराओं और राजा के परिवार में घुलने-मिलने में कठिनाई हुई। ईरान के शाही परिवार के कई सदस्य उन्हें पूरी तरह स्वीकार नहीं कर पाए। इससे वह खुद को दरबार में अलग-थलग और मानसिक रूप से असहज महसूस करने लगीं। धीरे-धीरे उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली। बताया जाता है कि दोनों के बीच लगातार मतभेद और अनबन का माहौल रहने लगा था।
क्यों टूटा वह रिश्ता जिसे ‘राजनीतिक गठबंधन’ कहा गया था
यह विवाह शुरू से ही राजनीतिक था। मिस्र और ईरान के संबंध मजबूत करने के उद्देश्य से यह गठबंधन किया गया था। लेकिन निजी स्तर पर फौज़िया अपने नए वातावरण में सहज नहीं हो पाईं। आधिकारिक रूप से तलाक का कारण उनकी सेहत बताई गई, लेकिन वास्तविक वजह भावनात्मक तनाव, भाषा की बाधा, सांस्कृतिक दूरी और मेल-जोल की कमी मानी गई।
सिर्फ 9 साल में समाप्त हुआ शाही विवाह
साल 1945 में फौज़िया ने तलाक की अर्जी दी और 1948 में यह विवाह औपचारिक रूप से खत्म हो गया। वह शादी, जिसे कभी दो देशों के मजबूत रिश्तों की नींव कहा गया था, केवल 9 वर्षों में टूटकर बिखर गई। बाद में फौज़िया मिस्र लौट गईं और अपना जीवन शाही राजनीति से दूर शांत वातावरण में बिताया।
Comments (0)