लखनऊ।लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लेबर कैंप में भीषण आग लग गई। आग सुबह करीब 6:30 बजे लगी और देखते ही देखते तीन मंजिला बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई। आग से उठता धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।जिस बिल्डिंग में आग लगी, वह एयरपोर्ट के टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। एयरपोर्ट परिसर में आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।बताया गया कि यह बिल्डिंग स्थायी निर्माण नहीं थी, बल्कि मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी तौर पर पीवीसी यानी प्लास्टिक से तैयार की गई थी। प्लास्टिक की वजह से आग तेजी से फैल गई और कुछ ही समय में पूरी बिल्डिंग इसकी चपेट में आ गई।
लेबर कैंप में 33 कमरे, करीब 300 मजदूर रहते थे
एयरपोर्ट परिसर में बने इस लेबर कैंप में कुल 33 छोटे कमरे बताए गए हैं। यहां करीब 300 मजदूर रहते थे, जो एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं।आग लगने की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विमानों के संचालन पर नहीं पड़ा असर
हादसे के बावजूद एयरपोर्ट से विमानों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।