लखनऊ।उत्तरप्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। राहत एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 27 सितंबर को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी यूपी में भी 25 से 27 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट है।
सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में रहने के निर्देश
लगातार बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के मुताबिक राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अमेठी में पुलिस की ओर से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने के लिए लोगों को अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी दी जा रही है।लखनऊ समेत कई शहरों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने तथा खेतों में पानी भरने की स्थिति भी सामने आई है।
ललितपुर में उफनाई जामनी नदी, पुल पर फंसा पेट्रोल टैंकर
ललितपुर में लगातार बारिश के कारण जामनी नदी का जलस्तर बढ़ गया। कुझान घाट के पास पुल के डूबने से तेज बहाव में एक पेट्रोल टैंकर फंस गया और बहकर नदी के किनारे लटक गया।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से टैंकर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बारिश के बीच लोगों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे, पुलों और जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है। तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा नहीं करने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।IMD के अनुसार यूपी में 25 से 27 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद 28 सितंबर से दोनों उपखंडों के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।