बाजपुर : राजकीय महाविद्यालय बाजपुर में एडमिशन प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज का गेट बंद कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान छात्रों ने एडमिशन प्रक्रिया में अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
अनिल सैनी पर आरोप
छात्रों का आरोप है कि एडमिशन के लिए उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है इसके बावजूद समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। छात्रों ने प्रोफेसर अनिल सैनी पर एडमिशन के नाम पर छात्र-छात्राओं को परेशान करने का आरोप भी लगाया।
छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा का कहना है कि छात्र-छात्राएं सुबह से एडमिशन के लिए कॉलेज पहुंचकर लाइन में खड़े रहते हैं। उनका आरोप है कि कभी प्रोफेसर के मेहमानों से बातचीत और कभी लंच-चाय के चलते एडमिशन प्रक्रिया प्रभावित होती है जिससे छात्रों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे छात्र-छात्राओं में आक्रोश बढ़ रहा है।
एसआई देवेंद्र मनराल ने की बात
हंगामे की सूचना मिलने पर एसआई देवेंद्र मनराल पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्रों को एडमिशन प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया गया।
कॉलेज प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना विरोध समाप्त किया। हालांकि छात्र संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा ने चेतावनी दी कि यदि एडमिशन प्रक्रिया में छात्र-छात्राओं को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ा और समय पर प्रवेश नहीं हुए तो दोबारा कॉलेज का गेट बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
छात्रों को राहत दिलाने की मांग
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से एडमिशन प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संचालित करने तथा छात्र-छात्राओं को अनावश्यक इंतजार से राहत दिलाने की मांग की है।