सितारगंज। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजटी-माझोला मार्ग पर पुल की एप्रोच सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सड़क पर जगह-जगह गहरे क्रैक आने के साथ ही पुल के एक हिस्से की एप्रोच तेजी से नीचे खिसक गई। सड़क की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने एहतियातन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। फिलहाल छोटे वाहनों को भी सावधानी के साथ मार्ग से निकाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव आने की स्थिति में एप्रोच मार्ग का कटान और बढ़ सकता है। इससे सड़क के पूरी तरह बहने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों में हादसे की आशंका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पहली बारिश में ही सड़क धंसने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
बिजटी-माझोला मार्ग पर पुल की एप्रोच सड़क पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, मिट्टी के भराव की कॉम्पैक्टिंग और रिटेनिंग वॉल के निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में यदि मानकों का सही तरीके से पालन किया गया होता तो बारिश के दौरान इतनी जल्दी एप्रोच सड़क के धंसने की स्थिति नहीं बनती।