चंपावत : जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों एवं दूरस्थ इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सोलर लाइट की स्थापना
जनता मिलन कार्यक्रम में सोलर लाइट की स्थापना फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग प्रधानमंत्री आवास योजना सुरक्षा दीवार निर्माण आर्थिक सहायता राशन कार्ड पशुपालन सड़क एवं पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। लोगों ने अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न किया जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
आवेदन पर की कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर की जा रही कार्रवाई का नियमित फॉलोअप करने तथा शिकायतकर्ताओं को भी उनके प्रकरण की प्रगति एवं निस्तारण की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें जिससे आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्परता के साथ कार्रवाई करें और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
9 लाभार्थियों के मौके पर बनाए गए आयुष्मान कार्ड
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष पहल भी की गई। इसके तहत मौके पर ही 9 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए जिससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सरकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
प्रशासनिक सेवाओं का लाभ
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे बल्कि समस्याओं का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सरलता और समय पर मिल सके।