देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। अब तक जिले में H1N1 के कुल 59 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 41 मरीज स्थानीय और 18 बाहरी बताए गए हैं। वर्तमान में 15 सक्रिय मरीज हैं जिनमें 13 मरीज सीएमआई अस्पताल में भर्ती हैं जबकि 2 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। हाल ही में जिले में 7 नए मामले भी सामने आए हैं।
अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दून अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के उपचार और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
अस्पतालों को विशेष आइसोलेशन वार्ड और पर्याप्त संख्या में आरक्षित बेड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अलग फ्लू क्लीनिक संचालित करने की व्यवस्था भी की गई है ताकि फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की समय पर जांच और उपचार किया जा सके।
N-95 मास्क और एंटीवायरल दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में संक्रमण से बचाव के लिए N-95 मास्क और PPE किट की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है। साथ ही एंटीवायरल दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता और ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने, नियमित रूप से हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकने की सलाह दी गई है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार खांसी गले में खराश सांस लेने में परेशानी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी जारी
H1N1 के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है। अस्पतालों में मरीजों के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को तैयार रखने के साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण सामने आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।