बागेश्वर : जनपद बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक अंतर्गत लखमारा गांव में पिछले दो दिनों से लगातार हो रहे भूस्खलन ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर और पेड़ गिरकर लखमारा नाले में पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों के बीच किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहाड़ी से कोई बड़ा बोल्डर गिरकर गधेरे के रास्ते में फंस गया तो पानी का बहाव रुक सकता है। ऐसी स्थिति में वहां पानी जमा होकर तालाब का रूप ले सकता है और अचानक पानी निकलने पर निचले क्षेत्रों में गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
पहाड़ी में पड़ी दरारों से बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के बाद पहाड़ी में कई स्थानों पर दरारें पड़ने और जमीन फटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। भूस्खलन के कारण पहाड़ी से लगातार मलबा नीचे आ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक स्थिति पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो भूस्खलन का दायरा और बढ़ सकता है।
भूस्खलन की चपेट में आने से कई किसानों के खेत मलबे में दब गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। खेतों में मलबा आने से कृषि कार्य प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
सड़क निर्माण को लेकर भी उठे सवाल
ग्राम प्रधान गीता देवी के मुताबिक क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य से भी स्थिति प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी की कटिंग और लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन की स्थिति गंभीर हुई है