मथुरा/वृंदावन - वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। करीब 30 पर्यटकों से भरा एक स्टीमर अचानक पलट गया, जिससे अब तक 6 लोगों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया
मथुरा में नाव पलटने की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के आदेश भी दिए गए हैं।
समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट पर लिखा - जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने की पुष्टि, पंजाब के थे पर्यटक
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे, जो घूमने के लिए वृंदावन आए थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, कई लोगों को बचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
करीब 50 स्थानीय गोताखोर भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। अब तक लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
तेज हवा और टक्कर बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण स्टीमर नदी के बीच असंतुलित हो गया और उसकी गति बढ़ गई। इसी दौरान स्टीमर पीपा पुल से टकरा गया, जिससे वह पलट गया।
प्रशासन की नजर, जारी है बचाव अभियान
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि बाकी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।