फतेहपुर जिले के जहानाबाद कस्बे के मुहल्ला विलास ऊपर में खजाना मिलने से हड़कंप मच गया। एक खंडहर मकान के समतलीकरण के दौरान अचानक चांदी और तांबे के सिक्कों से भरी दो मटकी जमीन से बाहर निकल आईं। मजदूरों ने जैसे ही खुदाई की, मटकी टूटकर खुल गई और सिक्के बाहर बिखर गए।
सिक्कों को लेकर भागे बच्चे
मौके के पास खेल रहे बच्चों की नजर जैसे ही इन सिक्कों पर पड़ी, वे उन्हें उठाकर भागने लगे। यह देख आसपास मौजूद लोगों का ध्यान गया और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सिक्कों को कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।
90 चांदी और 120 तांबे के सिक्के मिले
बताया जा रहा है कि बरामद मटकी से करीब 90 चांदी और 120 तांबे के सिक्के मिले हैं। सिक्कों पर अलग-अलग वर्ष अंकित हैं, जिससे इनके ऐतिहासिक महत्व होने की संभावना जताई जा रही है। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सुरेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
सिक्कों को सीज कर पुलिस की निगरानी में रखा
प्रशासन ने सभी सिक्कों को सीज कर पुलिस की निगरानी में रख दिया है। साथ ही इस पूरे मामले की जानकारी पुरातत्व विभाग को दे दी गई है। अब आगे की जांच पुरातत्व विभाग द्वारा की जाएगी, जिससे इन सिक्कों के असली इतिहास और मूल्य का पता चल सकेगा।