राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश, आंधी और तेज हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में बड़ा सुधार दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों में AQI ‘ग्रीन’ और ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया है, जिससे लोगों को पहाड़ों जैसी ताजगी का एहसास हो रहा है।
कई इलाकों में बेहतर हुआ AQI
राजधानी दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। अलीपुर में AQI 83, आनंद विहार 112, अशोक विहार 86, बवाना 89, बुराड़ी 75, कैंट क्षेत्र 72 और चांदनी चौक 104 दर्ज किया गया।
वहीं नोएडा के सेक्टर-125 में AQI 93, सेक्टर-62 में 73, सेक्टर-1 में 96 और सेक्टर-116 में 84 रिकॉर्ड किया गया।
गाजियाबाद में भी स्थिति बेहतर रही, जहां इंदिरापुरम 84, लोनी 126, संजय नगर 84 और वसुंधरा 82 AQI दर्ज किया गया।
दिनभर बारिश और तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 17°C रहने का अनुमान है। दिनभर ‘थंडरस्टॉर्म विद रेन’ की स्थिति बनी रहेगी, जिसमें 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने NCR के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
जनजीवन पर असर
सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखी जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
9 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 9 अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 17°C रह सकता है। फिलहाल किसी नई चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
राहत भरी खबर
विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में आए इस बदलाव से प्रदूषण स्तर में गिरावट आई है और अगर यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में भी हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी रह सकती है।