उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीज निश्चिंत होकर बेहतर अस्पताल में उपचार कराएं, सरकार उनकी पूरी सहायता करेगी।
विवेकाधीन कोष से दी जाएगी आर्थिक मदद
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता का आवेदन किया है, उनके एस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को भेजी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। होलिकोत्सव के अवसर पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लगभग 150 फरियादियों से मुलाकात की।
एक-एक शिकायत सुनी, त्वरित निस्तारण के निर्देश
मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जमीन कब्जा और दबंगई पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान जमीन पर अवैध कब्जा और दबंगई की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसी शिकायतों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
गंभीर बीमारियों में सरकार बनेगी सहारा
कार्यक्रम में किडनी रोग से पीड़ित एक व्यक्ति ने आर्थिक तंगी की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और कार्ड न होने पर भी हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को भी आर्थिक सहयोग देने का भरोसा दिया गया।
बच्चों को आशीर्वाद और प्रेरणा
जनता दर्शन में पहुंचे बच्चों को मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया, चॉकलेट वितरित की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
Comments (0)