आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में शांति सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंपावत पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। रेखा यादव के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।
संदिग्ध व्यक्तियों की जांच
एसपी रेखा यादव ने बताया कि होली और रमजान को ध्यान में रखते हुए जनपद के मुख्य बाजारों भीड़भाड़ वाले स्थानों संवेदनशील इलाकों होटल-ढाबों बस व टैक्सी स्टैंड तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों वाहनों और असामाजिक तत्वों की कड़ी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने हुड़दंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों की एल्कोमीटर से जांच की जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि त्योहारों को आपसी भाईचारे शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि चंपावत पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।
Comments (0)