उत्तर प्रदेश में अब उपभोक्ताओं को ताजा अंडा ही मिलेगा। योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देश के बाद अंडों पर एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य किया जा रहा है। इस फैसले के लागू होने के बाद बाजार में पुराने अंडों की बिक्री पर रोक लग जाएगी।
कोल्ड स्टोरेज वाले अंडों पर लगेगी लगाम
अब तक बाजार में बड़ी मात्रा में कोल्ड स्टोरेज में रखे गए अंडे बेचे जाते थे, जिनकी ताजगी का पता लगाना मुश्किल होता था। कारोबारियों के अनुसार 30-35 डिग्री तापमान पर रखे अंडों की शेल्फ लाइफ करीब दो हफ्ते होती है, लेकिन उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं मिल पाती थी। नए नियम के बाद हर अंडे पर उसकी एक्सपायरी डेट दर्ज होगी, जिससे ग्राहक आसानी से ताजा और पुराना अंडा पहचान सकेंगे। इससे कोल्ड स्टोरेज में लंबे समय तक अंडे रखने वाले कारोबारियों के मुनाफे पर भी असर पड़ेगा।
छोटे किसानों के सामने मशीन की चुनौती
पोल्ट्री कारोबार से जुड़े किसानों का कहना है कि बड़े फार्म के पास तो डेट प्रिंट करने वाली मशीनें उपलब्ध हैं, लेकिन छोटे किसानों के लिए यह एक चुनौती हो सकती है। किसान सैफ अहमद के मुताबिक, छोटे किसानों को मशीन खरीदनी पड़ेगी, हालांकि सरकार ने 1 अप्रैल तक का समय दिया है, जिससे वे अपनी व्यवस्था दुरुस्त कर सकें। इस फैसले से पोल्ट्री सेक्टर में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को भी फायदा मिलेगा।
कारोबारियों ने फैसले का किया समर्थन
अंडा कारोबारियों ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। थोक व्यापारी आसिफ किदवई का कहना है कि इससे अंडों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और बाहर से आने वाले अंडों की पहचान भी आसान हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले सस्ते अंडे खरीदने के कारण गुणवत्ता से समझौता होता था, जिससे सेहत पर भी असर पड़ता था। अब एक्सपायरी डेट लिखे होने से उपभोक्ताओं को सुरक्षित और बेहतर गुणवत्ता का अंडा मिलेगा।
Comments (0)