कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनाव से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठन को मजबूत करते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे विकास नारायण चौधुरी और टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री माफिन चक्रवर्ती को पार्टी में शामिल किया।
तृणमूल के संस्थापक नेता ने थामा BJP का दामन
मंगलकोट के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व बर्धमान जिला परिषद के उपाध्यक्ष रहे विकास नारायण चौधुरी ने BJP में शामिल होकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। वे तृणमूल कांग्रेस के स्थापना काल से जुड़े रहे और वाम शासन के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
‘तृणमूल में असली कार्यकर्ताओं की जगह खत्म’
BJP नेताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस में अब असली राजनीतिक कार्यकर्ताओं की कोई जगह नहीं बची है। पार्टी अब “डर, दबाव और प्रशासनिक दुरुपयोग” के सहारे चल रही है, जिसके कारण पुराने नेता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
टीवी इंडस्ट्री से BJP को समर्थन
टॉलीगंज की जानी-मानी अभिनेत्री माफिन चक्रवर्ती ने भी BJP की सदस्यता ग्रहण की। 22 से अधिक टीवी सीरियल्स में काम कर चुकी माफिन ने कहा कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में डर और दबाव का माहौल है, जिसे बदलने के लिए उन्होंने BJP का साथ चुना।
‘भयमुक्त बंगाल’ के नारे पर जोर
BJP ने इस मौके पर “भयमुक्त बंगाल, भरोसेमंद बंगाल” का नारा दोहराया और कहा कि पार्टी अपने संकल्प पत्र के साथ घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगी।
चुनाव से पहले सियासी संदेश
चुनाव से ठीक पहले इस तरह के जुड़ाव को BJP के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि आने वाले दिनों में और भी कई बड़े चेहरे उनके साथ जुड़ सकते हैं।