मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल - पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य की राजनीति भी उतनी ही गर्म होती जा रही है। इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच माना जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस, एआईएमआईएम और वामदल भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में जुटे हैं। इसी क्रम में पीएम मोदी बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और राज्य सरकार पर जोरदार निशानासाधते हुए कहा कि, बंगाल अब तुष्टीकरण और वोटबैंक के खेल को और बर्दाश्त नहीं करेगा
अब बंगाल में अवसर का युग आएगा
मुर्शिदाबाद में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, बंगाल भी अब भाजपा के साथ चलने का फैसला कर चुका है। भाजपा ने जो संकल्प लिया है, वो सिर्फ चुनावी वादा नहीं है, यह TMC के महाजंगलराज और सिंडिकेट राज के अंत का शंखनाद है। इसके साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि, अब बंगाल में डर का नहीं, भय का नहीं, अब बंगाल में अवसर का युग आएगा।
AIIMS, IIT और IIM जैसे संस्थान भी बनेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, बंगाल में अब AIIMS, IIT और IIM जैसे संस्थान भी बनेंगे, ताकि हमारे युवाओं को घर के पास ही अच्छी शिक्षा मिल सके। बंगाल में भ्रष्टाचारियों को बचाने वाले सावधान हो जाओ। जो जनता का हक खाएगा, उसके लिए रेड कार्पेट नहीं बिछेगा, उसके लिए जेल के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।
राष्ट्र की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, राष्ट्र की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। इसके साथ ही अपने संबोधन में पीएम ने आगे यह भी कहा कि,भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है, पश्चिम बंगाल में UCC लागू कर तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा।
अब TMC का अहंकार भी चूर-चूर होगा
पीएम ने कहा कि, हमारे बंगाल का इतिहास रहा है, बंगाल जब परिवर्तन की ठान लेता है, तो उसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं पाती। आजादी की लड़ाई से लेकर आजादी के बाद तक, जिस-जिसने बंगाल को चुनौती दी, उसका अहंकार चूर-चूर हो गया। पहले अंग्रेजों का अहंकार टूटा, फिर कांग्रेस का अहंकार टूटा, फिर लेफ्ट का अहंकार टूटा, अब TMC का अहंकार भी चूर-चूर होगा।
गुंडे TMC को वोट देने के लिए धमकी देने लगे
उन्होंने आगे राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, बंगाल की जनता ने लेफ्ट को निकाला। बड़ी आशा और उमंग के साथ "मां, माटी, मानुष" की बातें सुनकर टीएमसी को मौका दिया, लेकिन सत्ता में आते ही तृणमूल, लेफ्ट की कार्बन कॉपी बन गई। लेफ्ट के गुंडे तृणमूल में आ गए। लेफ्ट का सिंडिकेट तृणमूल में आ गया। पहले वोट के लिए लेफ्ट वाले धमकी देते थे, फिर वही गुंडे TMC को वोट देने के लिए धमकी देने लगे। हथियार, नशे, मवेशियों की तस्करी, लेफ्ट का कट-कमीशन। सबका ठेका TMC ने ले लिया है।
हम बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे
मुर्शिदाबाद में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, बंगाल में TMC "मां, माटी, मानुष" का नारा लगाकर सत्ता में आई थी। लेकिन TMC अब बंगाल में घुसपैठियों द्वारा, घुसपैठियों के वोट से, घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, बंगाल अब तुष्टीकरण और वोटबैंक के खेल को और बर्दाश्त नहीं करेगा... हम पश्चिम बंगाल में बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे।