लखीमपुर खीरी - सीएम योगी ने आज लखीमपुर खीरी में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान बांग्लादेश से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों को जमीन के अधिकार पत्र सौंपे। इस पहल को इन परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
भूमिधरी अधिकार पत्र का वितरण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संक्रमणीय और असंक्रमणीय भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए, जिससे इन परिवारों को कानूनी रूप से जमीन पर मालिकाना हक मिला। लंबे समय से बसावट और पहचान की समस्या झेल रहे इन लोगों के लिए यह फैसला राहत लेकर आया है।
मालिकाना अधिकार आपको प्राप्त हुआ
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, जिस ज़मीन पर आप दशकों पहले आकर बस गए थे लेकिन मालिकाना अधिकार आपको नहीं मिला था आज उस भूमि का मालिकाना अधिकार आपको प्राप्त हुआ है। दशकों पूर्व आपके साथ जो अधूरे वादे थे उसे प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से पूरा करने के लिए मैं यहां आया हूं।
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
आपको बता दें कि, इस अवसर पर कई लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लखीमपुर खीरी का यह कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक पहल है, बल्कि सामाजिक समावेशन और पुनर्वास का एक अहम उदाहरण भी है। इससे सैकड़ों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगी है।