कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने बकाया महंगाई भत्ता (डीए) देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
राज्य के वित्त विभाग ने डीए एरियर का पूरा स्टेटमेंट तैयार कर लिया है, जिसे अब ट्रेजरी और पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) को भेजा जा रहा है। इससे साफ है कि जल्द ही कर्मचारियों को बकाया डीए की पहली किस्त मिल सकती है।
सरकार की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, कर्मचारी अपने बकाया डीए की जानकारी IFMS और HRMS पोर्टल पर देख सकेंगे। इसके लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) भी जारी किया गया है, ताकि भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और तेज हो सके।
कैसे मिलेगा पैसा?
ग्रुप A, B और C कर्मचारियों का पैसा GPF (जनरल प्रोविडेंट फंड) में जमा होगा
ग्रुप D कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधे बैंक अकाउंट में राशि मिलेगी
किस अवधि का मिलेगा बकाया?
सरकार के अनुसार, पहले चरण में जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के डीए का 25% भुगतान किया जाएगा।
- पहली किस्त: 31 मार्च 2026 तक
- दूसरी किस्त: सितंबर 2026 तक
डिजिटल प्रक्रिया से भुगतान
HRMS सिस्टम के जरिए DDO (Drawing & Disbursing Officers) कर्मचारियों के लिए बिल तैयार करेंगे। हर कर्मचारी का अलग “Arrear Statement” पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा, जिससे वे अपनी राशि की जानकारी आसानी से देख सकेंगे।
हालांकि, कुछ कर्मचारी संगठनों ने सवाल उठाया है कि क्या शिक्षक, शिक्षाकर्मी और अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारियों को भी समय पर भुगतान मिलेगा या नहीं।