जलपाईगुड़ी - यूपी के सीएम ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि, यदि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो राज्य में माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
माफियाओं की संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर
सीएम योगी ने जलपाईगुड़ी जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर माफियाओं की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा और राज्य में कानून का राज स्थापित किया जाएगा। यूपी के मुख्यमंत्री ने इस दौरान दावा किया कि, माफिया राज का पूरी तरह अंत किया जाएगा।
धार्मिक मुद्दों पर भी दिया बयान
जलपाईगुड़ी जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, सड़कों पर नमाज पढ़ने जैसी गतिविधियों को रोका जाएगा। साथ ही यह भी कहा कि बंगाल को “फतवों का केंद्र” नहीं बनने दिया जाएगा। आपको बता दें कि, इन बयानों के दौरान सभा में ‘बुलडोजर बाबा जिंदाबाद’ के नारे भी लगे।
उत्तर प्रदेश मॉडल का जिक्र
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि, 2017 से पहले वहां दंगे होते थे और धार्मिक आयोजन प्रभावित होते थे, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने “लव जिहाद खत्म” और “बेहतर प्रशासन” का भी दावा किया। उन्होंने टीएमसी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था फैली हुई है। योगी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई विकास योजनाओं की राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा।
महिलाओं और विकास पर बयान
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, पीएम मोदी महिलाओं को अधिकार देने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने संसद में विधेयकों को रोकने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार आने पर विकास, सुरक्षा और सुशासन सुनिश्चित किया जाएगा। लउन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार मिल रहा है और किसानों को फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है। इसी मॉडल को बंगाल में लागू करने की बात भी कही।
बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र
अपने भाषण में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे महान व्यक्तित्वों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती आध्यात्मिकता और ‘वंदे मातरम्’ की भावना से जुड़ी हुई है। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भयमुक्त होकर मतदान करें और राज्य में “परिवर्तन” के लिए बीजेपी को समर्थन दें।