कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच Election Commission of India ने सोमवार देर रात SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की पहली सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी कर दी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल के अनुसार, सूची को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर अपलोड कर दिया गया है, जहां मतदाता अपना नाम ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
हालांकि पहले इसे रात 9 बजे जारी करने की बात कही गई थी, लेकिन सूची करीब आधी रात को प्रकाशित हुई। इसके चलते राजनीतिक हलकों और आम मतदाताओं के बीच हलचल तेज हो गई है।
नाम कटने और जुड़ने पर बना सस्पेंस
सूची जारी होने के बावजूद अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं और कितने नए नाम जोड़े गए हैं। आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं होने से स्थिति और भी अस्पष्ट बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 29 लाख विचाराधीन मामलों के निपटारे के बाद यह सप्लीमेंट्री लिस्ट तैयार की गई है, जिसमें करीब 10 लाख नाम कटने की चर्चा है। हालांकि इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
ऐसे चेक करें अपना नाम
मतदाता अपना नाम निम्न तरीकों से देख सकते हैं:
- voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर
- राज्य की CEO वेबसाइट पर विजिट कर
- ECI मोबाइल ऐप के जरिए EPIC नंबर डालकर सर्च करें
ऑनलाइन सुविधा के अलावा, जो लोग इंटरनेट का उपयोग नहीं कर सकते, वे जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय, एडीएम ऑफिस या अपने बूथ पर जाकर भी सूची देख सकते हैं। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि हर बूथ पर सप्लीमेंट्री लिस्ट प्रदर्शित की जाएगी।
प्रशासन अलर्ट मोड में
सूची जारी होने के बाद राज्य प्रशासन सतर्क हो गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी संभावित विवाद या भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी की गई थी, जिसमें लाखों नाम हटाए गए थे और बड़ी संख्या में नाम “विचाराधीन” श्रेणी में रखे गए थे। अब इस सप्लीमेंट्री लिस्ट के जरिए उन मामलों का निपटारा किया जा रहा है।