पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मंगलवार तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें कुछ स्थानों पर तेज तो कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई।
कोलकाता में फिलहाल बारिश के आसार नहीं
राजधानी कोलकाता में फिलहाल मौसम सुहाना बना हुआ है और गर्मी से राहत महसूस की जा रही है। अलीपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार सुबह आसमान में आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बांग्लादेश क्षेत्र में बने चक्रवाती प्रभाव के कारण राज्य में बारिश हो रही है। हालांकि शुक्रवार को कोलकाता में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन रविवार से फिर मौसम बदल सकता है और बारिश होने के आसार हैं।
दक्षिण बंगाल में रविवार से बढ़ सकती है बारिश
दक्षिण बंगाल के जिलों में शुक्रवार को मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है, हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार, सोमवार और मंगलवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मुर्शिदाबाद, पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, बीरभूम और बांकुरा जिलों में गरज के साथ तेज बारिश की संभावना अधिक जताई गई है।
उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर बंगाल के कई जिलों में गुरुवार से ही बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। हालांकि शनिवार को बारिश थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन रविवार से फिर से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।
Comments (0)