कोलकाता के गरिया स्थित आदर्शनगर इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किराए के मकान से पति-पत्नी की संदिग्ध हालत में लाश बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान तरुण दास (45) और उनकी पत्नी आशा दास (35) के रूप में हुई है। पड़ोसियों और मकान मालिक के अनुसार, दोपहर में काम से लौटने के बाद दंपती सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने आसपास के लोगों से बातचीत और मजाक भी किया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद ऐसी दुखद घटना सामने आएगी।
कपल की लाश मिलने से मचा हड़कंप
घर की मालकिन जमुना मंडल ने बताया कि आशा की बहन का बेटा स्कूल से लौटकर जब घर पहुंचा तो उसने तरुण को पंखे से लटका देखा। डरकर वह बाहर भागा और परिवार को जानकारी दी। इसके बाद घरवालों ने अंदर जाकर आशा की लाश देखी। स्थानीय लोगों का दावा है कि आशा बिस्तर पर पड़ी मिलीं, उनके गले पर गहरा घाव था और गाल से खून निकल रहा था। इसी आधार पर पुलिस को शक है कि पहले पत्नी की हत्या की गई और बाद में पति ने आत्महत्या कर ली।
छह महीने से किराए पर रह रहा था दंपती
सूत्रों के मुताबिक, दंपती पिछले छह महीनों से गुरुपद मंडल के घर में किराए पर रह रहे थे। शांत स्वभाव के कारण वे इलाके में ज्यादा चर्चित नहीं थे और सामान्य जीवन जी रहे थे।
पुलिस जांच शुरू
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।
चश्मदीदों का दावा
पड़ोसियों के अनुसार, दंपती के बीच कभी किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
क्या पारिवारिक या आर्थिक दबाव बना वजह?
जांच अधिकारी दंपती की पारिवारिक स्थिति और आर्थिक हालात की जांच कर रहे हैं। पुलिस मोबाइल फोन और निजी दस्तावेजों की जांच कर घटना के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।