पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले हिंसा की घटनाएं बढ़ती दिख रही हैं। दक्षिण 24 परगना के गोसाबा क्षेत्र में देर रात एक तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ता पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
बाइक से लौटते समय मारी गोली
घायल TMC कार्यकर्ता की पहचान दिब्येंदु गायेन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह अपने साथी और बूथ अध्यक्ष पलाश मंडल के साथ पार्टी की बैठक से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूनगर ग्राम पंचायत के भूपेंद्रपुर इलाके में 4-5 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और गोली चला दी। गोली दिब्येंदु के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
अस्पताल में भर्ती, कोलकाता रेफर
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें कैनिंग महकमा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कोलकाता के चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।
BJP पर आरोप, 3 कार्यकर्ता गिरफ्तार
इस घटना को लेकर TMC ने BJP पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तृणमूल नेताओं का कहना है कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 3 भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
BJP का पलटवार, बताया अंदरूनी कलह
वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी का दावा है कि यह हमला तृणमूल के अंदरूनी गुटबाजी का परिणाम है। भाजपा नेताओं का कहना है कि हार के डर से TMC खुद इस तरह की घटनाएं कर रही है और इसका दोष भाजपा पर डालने की कोशिश कर रही है।
बढ़ा राजनीतिक तनाव
इस घटना के बाद गोसाबा और आसपास के इलाकों में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। चुनाव से पहले इस तरह की घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं।