मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक इन राज्यों में कुल 824 सीटों पर मतदान होगा और लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। आयोग ने बताया कि मतदाताओं की यह संख्या कई बड़े देशों- जैसे ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी और कनाडा की कुल आबादी के बराबर है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि पिछले एक वर्ष में चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कई नए प्रयोग किए गए हैं। इनमें SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) अभियान शामिल है, जिसके जरिए यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी अयोग्य व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न रहे। इसके अलावा मतदान के दौरान मोबाइल फोन को पोलिंग स्टेशन के बाहर रखने का नियम लागू किया गया है। मतदाता वोट देने के बाद अपना फोन वापस ले सकेंगे।
ज्ञानेश कुमार ने खास तौर पर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में जरूर भाग लें। उन्होंने कहा कि “आपका वोट आपकी पसंद है और यही देश के भविष्य को तय करता है।”
चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि इस बार 20 से अधिक देशों के चुनाव आयोगों के प्रतिनिधि भारत आकर चुनाव प्रक्रिया का अवलोकन करेंगे। यह भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में वैश्विक रुचि और भरोसे को दर्शाता है।
Comments (0)