पश्चिम बंगाल के केतुग्राम ब्लॉक प्राइमरी हेल्थ सेंटर के सरकारी क्वार्टर में बड़ा हादसा हुआ, जहां जर्जर छत का हिस्सा गिरने से चार महीने की मासूम प्रियदर्शी बेसरा की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कैसे गई मासूम की जान
शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे बच्ची घर के फर्श पर सो रही थी। तभी अचानक छत का एक बड़ा पैनल टूटकर सीधे उसके सिर पर गिरा। गंभीर हालत में उसे तुरंत कटवा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिम्मेदार कौन?
परिजनों ने हेल्थ डिपार्टमेंट पर सीधा आरोप लगाया है कि क्वार्टर की जर्जर हालत को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लापरवाही की कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
लोगों में गुस्सा, प्रशासन की सफाई
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और सरकारी आवासों की खराब हालत पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य अधिकारी सौविक आलम ने मामले को दुखद बताते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बड़ा सवाल
यह हादसा एक बार फिर सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलता है। सवाल यह है कि आखिर कब तक लापरवाही की वजह से निर्दोष लोगों की जान जाती रहेगी?