कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पटुली इलाके में देर रात हुई फायरिंग की घटना ने चुनावी माहौल के बीच सनसनी फैला दी। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में 36 वर्षीय राहुल डे की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि जीत मुखर्जी नाम का एक व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस को घटनास्थल से कारतूस बरामद हुए हैं और बमबाजी की भी आशंका जताई जा रही है। यह घटना कोलकाता नगर निगम के वार्ड नंबर 101 में हुई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, राहुल डे को जीत मुखर्जी के घर पर एक पार्टी के लिए बुलाया गया था। रात में सभी लोग छत पर मौजूद थे, तभी करीब 12:30 बजे गोलियों की आवाज गूंजी। बताया जा रहा है कि करीब तीन राउंड फायरिंग हुई।
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग वहां से भाग निकले। परिवार वालों को सूचना दी गई, जिसके बाद राहुल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी दुश्मनी और आपराधिक रिकॉर्ड
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जीत मुखर्जी पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और उसका नाम कथित असामाजिक गतिविधियों में जुड़ता रहा है। उसे पार्टी से भी निकाला जा चुका था।
हालांकि हाल के दिनों में वह फिर से इलाके में सक्रिय था और तृणमूल से जुड़े लोगों के संपर्क में था।
पैसों के विवाद में चली गोली
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच सिंडिकेट और पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी की घटना हो गई।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।