पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मुहाने पर बांकुरा जिले की कोतुलपुर सीट से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मीकांत मजूमदार पर मतदाताओं को पैसे बांटने का गंभीर आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने इलाके की राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है। हालांकि, 'इंडिया 24' इस वायरल तस्वीर की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
क्या है वायरल तस्वीर में?
सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस तस्वीर में सफेद पंजाबी और भगवा गमछा पहने एक व्यक्ति (जिसे बीजेपी उम्मीदवार बताया जा रहा है) एक महिला को 500 रुपये के नोटों की गड्डी थमाते हुए दिखाई दे रहा है। तस्वीर सामने आने के बाद से ही बीजेपी की चुनावी नैतिकता पर सवाल उठने लगे हैं।
तृणमूल का तीखा हमला: "हार के डर से पैसे बांट रही बीजेपी
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस घटना को हाथो-हाथ लिया है और बीजेपी पर सीधा हमला बोला है। विष्णुपुर संगठनात्मक जिला युवा टीएमसी अध्यक्ष देवनाथ बाउरी ने कहा: जनता का समर्थन खोने के बाद अब बीजेपी पैसों के दम पर वोट खरीदने की कोशिश कर रही है। कोतुलपुर में विकास के नाम पर उनके पास कोई जवाब नहीं है, इसलिए वे इस तरह की ओछी राजनीति कर रहे हैं। चुनाव आयोग को तुरंत स्वतः संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
बीजेपी उम्मीदवार का बचाव: 'AI का कमाल और साजिश'
चौतरफा घिरे बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मीकांत मजूमदार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इसे विरोधियों की 'गंदी चाल' बताया है। मजूमदार का कहना है कि यह तस्वीर पूरी तरह से फर्जी है और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के जरिए उनकी छवि खराब करने के लिए बनाई गई है। उन्होंने बताया कि विरोधियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और वे इस दुष्प्रचार के खिलाफ कानूनी कदम उठाएंगे।
चुनाव आयोग की भूमिका पर नजर
तस्वीर असली है या तकनीक का खेल, यह अभी जांच का विषय है। लेकिन चुनाव से ठीक पहले इस विवाद ने बीजेपी को कोतुलपुर में बैकफुट पर ला दिया है। अब देखना यह होगा कि निर्वाचन आयोग इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और क्या लक्ष्मीकांत मजूमदार की मुश्किलें बढ़ेंगी।