कोलकाता: भारत के पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात ने पश्चिम बंगाल की सियासत में हलचल तेज कर दी है। इस मुलाकात के बाद यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि पेस जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं और आगामी चुनाव में मैदान में उतर सकते हैं।
मुलाकात को बताया जा रहा सकारात्मक
सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक सकारात्मक रही और बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर न तो पेस और न ही भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। नितिन नबीन इन दिनों बंगाल दौरे पर हैं, जहां वे संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
भाजपा को खेल और शिक्षित वर्ग में फायदा की उम्मीद
बंगाल भाजपा का मानना है कि अगर लिएंडर पेस पार्टी में शामिल होते हैं, तो इससे खेल जगत में मजबूत संदेश जाएगा। साथ ही शिक्षित और शहरी वर्ग के बीच पार्टी की छवि को भी मजबूती मिलेगी। पार्टी नेतृत्व पेस जैसे बड़े नाम को साथ लाकर चुनावी समीकरण मजबूत करना चाहता है।
पहले तृणमूल से जुड़ चुके हैं पेस
गौरतलब है कि लिएंडर पेस फरवरी 2022 में ममता बनर्जी की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने ममता बनर्जी को “चैंपियन” बताया था। हालांकि, पिछले कुछ समय से वे पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय नजर नहीं आए हैं।
चुनाव लड़ने की भी अटकलें
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा उन्हें पश्चिम बंगाल से चुनावी मैदान में उतार सकती है। अभी कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है, ऐसे में पेस का नाम संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।
फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार
हालांकि, पेस के भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस मुलाकात ने बंगाल चुनाव से पहले राजनीतिक तापमान जरूर बढ़ा दिया है।