पश्चिम एशिया में जारी युद्ध संकट के बीच बंगाल के कई जिलों में एलपीजी सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका से लोगों में चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को राज्य के दक्षिण में काकद्वीपसे लेकर उत्तर में सिलिगुड़ी तक गैस वितरण केंद्रों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। कई लोग खाली सिलेंडर लेकर केंद्रों के बाहर खड़े नजर आए।
ऑनलाइन बुकिंग में भी आ रही दिक्कत
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वे ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि यदि आपूर्ति प्रभावित हुई तो घरेलू गैस की कमी हो सकती है।
राज्य सरकार ने जारी की SOP
स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने एलपीजी आपूर्ति और वितरण की निगरानी के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है। इसके साथ ही राज्य सचिवालय नबान्न में 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की घोषणा की गई है, ताकि आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके।
एलपीजी संकट पर बनेगी निगरानी समिति
सरकार ने एलपीजी की उपलब्धता पर नजर रखने और संभावित संकट से निपटने के लिए राज्य स्तरीय एलपीजी संकट निगरानी समिति का भी गठन किया है। यह समिति आपूर्ति की नियमित समीक्षा कर स्थिति को स्थिर रखने के लिए जरूरी निर्देश देगी।
सिलेंडर की कमी से कई दुकानें बंद
इस बीच कोलकाता के व्यावसायिक इलाकों और पास के साल्टलेक में सड़क किनारे खाने-पीने की कई दुकानें एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण बंद हो गई हैं। जो दुकानें खुली हैं, वे सीमित सामग्री और बढ़ी हुई कीमतों के साथ काम कर रही हैं।
ऑटो किराया भी बढ़ा
एलपीजी से चलने वाले कई ऑटो-रिक्शा भी शहर और आसपास के इलाकों में कम दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि फिलिंग स्टेशनों पर आपूर्ति अनियमित बताई जा रही है। यात्रियों का दावा है कि कुछ मार्गों पर ऑटो चालक सामान्य किराए से 10 से 25 प्रतिशत तक अधिक किराया वसूल रहे हैं।
Comments (0)