कोलकाता/मालदह: पश्चिम बंगाल के मालदह जिले के कालियाचक में हुई हिंसा, सड़क जाम और जजों को बंधक बनाने के मामले में चुनाव आयोग को बड़ी कामयाबी मिली है। घटना के मुख्य आरोपी और वकील मोफाक्केरुल इस्लाम को शुक्रवार सुबह बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रमुख बिंदु: बड़ी कार्रवाई
-
गिरफ्तारी: मोफाक्केरुल बेंगलुरु भागने की फिराक में था, तभी सिलीगुड़ी पुलिस ने उसे धर दबोचा।
-
NIA की एंट्री: मालदह कांड की जांच के लिए NIA की आईजी सोनिया सिंह शुक्रवार सुबह ही कोलकाता पहुंच चुकी हैं।
-
कानूनी शिकंजा: आरोपी के खिलाफ कालियाचक थाने में 3 केस दर्ज हैं। अब तक इस पूरे मामले में कुल 19 एफआईआर और 35 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
फेसबुक लाइव कर कहा- 'अच्छे रहें आप लोग'
गिरफ्तारी से ठीक पहले मोफाक्केरुल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर कहा, "अच्छे रहें आप लोग।" इतना ही नहीं, पुलिस हिरासत में उसने फेसबुक लाइव कर दावा किया कि उसे केवल उन मतदाताओं के पक्ष में आवाज उठाने के लिए गिरफ्तार किया गया है, जिनका नाम सूची से काट दिया गया था। हालांकि, बाद में यह वीडियो उसके अकाउंट से हटा दिया गया।
कौन है मोफाक्केरुल इस्लाम?
मोफाक्केरुल इस्लाम पेशे से वकील है और कोलकाता हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करता है।
-
राजनीतिक पृष्ठभूमि: 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले वह असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM में शामिल हुआ था।
-
चुनावी सफर: उसने इटाहर सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे मात्र 831 वोट मिले थे।
-
आरोप: पुलिस ने उसे मालदह हिंसा का 'मुख्य उकसाने वाला' और 'मास्टरमाइंड' करार दिया है।
जजों को बंधक बनाने पर पुलिस की सफाई
उत्तर बंगाल के ADG के. जयरामन ने बताया कि जजों को रेस्क्यू करने में देरी जरूर हुई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई लापरवाही नहीं थी। उन्होंने कहा- "मामले की गंभीरता को देखते हुए हमने CID की मदद ली थी। फिलहाल आरोपी को मालदह ले जाया जा रहा है, जहाँ उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी।"