कोलकाता:बंगाली नववर्ष के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री मोदी के विपरीत, मुख्यमंत्री का यह संदेश राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। उन्होंने अपने संबोधन में जहां लोगों की खुशहाली की कामना की, वहीं केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का आह्वान
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा, "मैं राज्य के सभी लोगों को हृदय से नववर्ष की बधाई देती हूँ। नया साल आप सभी के जीवन से दुख और ग्लानि मिटा दे।" इसके साथ ही उन्होंने आगामी 23 और 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के चरणों का जिक्र करते हुए लोगों से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान करने की अपील की।
बीजेपी को बताया 'वैनिश वॉशिंग मशीन'
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने केंद्र की 'वंचना' और केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे 'वैनिश वॉशिंग मशीन' करार दिया और आरोप लगाया कि एजेंसियों के माध्यम से बंगाल पर जुल्म किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि तमाम बाधाओं के बावजूद उनकी सरकार ने राज्य में 105 सामाजिक योजनाएं सफलतापूर्वक चलाई हैं।
वोटर लिस्ट और SIR पर विवाद
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि 'एसआईआर' (SIR) प्रक्रिया के कारण कई योग्य मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर भी नाराजगी जाहिर की और कहा कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें न्याय दिलाने के लिए वे सुप्रीम कोर्ट तक का रुख कर रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए इसे भाजपा के इशारे पर काम करने वाला बताया। इस विशेष दिन पर ममता बनर्जी ने अपना खुद का लिखा और कंपोज किया हुआ एक गाना भी साझा किया, जिसके जरिए उन्होंने सर्वधर्म सद्भाव और बंगाल की एकता का संदेश दिया।