केशियरी - पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य की राजनीति भी उतनी ही गर्म होती जा रही है। इस बार मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच माना जा रहा है। जहां पीएम मोदी और अमित शाह आज राज्य में कई रैली कर रहे है तो दूसरी तरफ सीएम ममता बनर्जी भी तीसरी बार प्रदेश की सत्ता पर बैठने के लिए एड़ी-चोटी का दम लगा रही है। इसी क्रम में आज सीएम ममता ने केशियरी में एक जनसभा में SIR एक बहुत बड़ा घोटाला बताया है।
SIR एक बहुत बड़ा घोटाला है
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने केशियरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, SIR एक बहुत बड़ा घोटाला है। यह SIR नहीं, बल्कि BJP को सत्ता में लाने की एक कोशिश है। यह नामों को हटाने का एक घोटाला है। इस दौरान टीएमसी प्रमुख ने दावा किया है कि, राज्य में 90 लाख नाम हटा दिए गए हैं।
बीजेपी जल्द खत्म हो जाएगी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि, चुनाव चल रहे हैं और इसी बीच वे संसद में परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) ला रहे हैं। इस पर कोई बहसभी नहीं हुई। इसके पीछे वजह यह है कि वे बंगाल को बांटना चाहते हैं और यहां NRC लागू करना चाहते हैं, (CEC ज्ञानेश कुमार का ज़िक्र करते हुए) हमारी लड़ाई 'वैनिश कुमार' से है। उन्होंने आगे कहा कि, मैं फिर दोहराती हूं, भाजपा बहुत जल्द एक दिन खत्म हो जाएगी।
सीएम ममता का बड़ा आरोप...
सीएम ममता बनर्जी ने केशियरी रैली में कहा कि, भवानीपुर से मेरी उम्मीदवारी रद्द करवाने के लिए दो झूठे हलफनामे दायर किए गए थे। वे ऐसा कर तो नहीं पाए, लेकिन ज़रा सोचिए कि अगर वे मेरे खिलाफ ऐसा कर सकते हैं, तो दूसरों के खिलाफ क्या-क्या कर सकते हैं।