कोलकाता :
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का चार्टर्ड विमान गुरुवार शाम खराब मौसम के कारण कोलकाता के आसमान में करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और खराब विजिबिलिटी के चलते नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।
अचानक बदला मौसम, बढ़ी मुश्किलें
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री का विमान दोपहर करीब 3:30 बजे अंडाल एयरपोर्ट से उड़ा था और शाम 4 बजे तक कोलकाता पहुंचना था। लेकिन शहर के पास पहुंचते ही मौसम ने अचानक करवट ली—तेज हवाओं और भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए।
तीन बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम
पायलट ने स्थिति संभालने के लिए बेहला फ्लाइंग क्लब में तीन बार लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन खराब मौसम के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद विमान को दोबारा कोलकाता एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।
1 घंटा 20 मिनट देरी से सुरक्षित लैंडिंग
मौसम में सुधार के बाद शाम 5:19 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग संभव हो पाई। मुख्यमंत्री उस समय पश्चिम बर्धमान और बीरभूम में चुनावी रैलियां संबोधित कर लौट रही थीं।
एयरपोर्ट पर बढ़ी हलचल
इस दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन भी प्रभावित रहा। मुख्यमंत्री के सुरक्षित उतरने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।