पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों दल लगातार एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं और राज्य में अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।
सीएम ममता ने चुनाव आयोग और भाजपा पर साधा निशाना
इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने प्रशासनिक हस्तक्षेप और रसोई गैस संकट को लेकर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में सबकुछ बदल देने पर भी उनकी सरकार नहीं बदलेगी। राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है और आगामी चुनाव में जनता के फैसले और सुरक्षा मुद्दों पर बहस का माहौल बनता दिखाई दे रहा है।
प्रशासनिक बदलावों पर भड़की सीएम ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव की घोषणा के कुछ घंटे बाद ही राज्य में हुए प्रशासनिक बदलावों को लेकर चुनाव आयोग पर कड़ा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा, राज्य के पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडे और कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार को अचानक हटाए जाने की कार्रवाई राज्य सरकार से पूछे बिना की गई।
बंगाल में सबकुछ बदल देने पर भी नहीं बदलेगी सरकार
राज्य की सीएम ममता बनर्जी ने बताया कि, उन्हें रात एक बजे इसकी जानकारी मिली। इसके साथ ही उन्होंने आगे आरोप लगाया है कि, पहले किसी को हटाने से पहले सरकार से उनके स्थान पर तीन नामों की सूची मांगी जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया गया। ममता ने इसे भाजपा की बंगाली और महिला विरोधी मानसिकता बताया और कहा कि बंगाल में सबकुछ बदल देने पर भी सरकार नहीं बदलेगी।
रसोई गैस संकट को लेकर पदयात्रा
ममता बनर्जी ने रसोई गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कोलकाता में पदयात्रा की और जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव को देखते हुए रसोई गैस का कृत्रिम संकट पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार ने जनता को पहले नोटबंदी, फिर एसआइआर और अब गैस की लाइन में खड़ा किया है।
सुरक्षा पर भी जताया गुस्सा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पीएम नरेन्द्र मोदी की रैली से पहले मंत्री शशि पांजा के घर पर हमले की घटना की कड़ी निंदा की। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि, मैंने एक वीडियो देखा है जिसमें कुछ लोग मेरे घर पर हमला करने की बात कर रहे हैं। अगर उनमें हिम्मत है तो ऐसा करके दिखाएं।
Comments (0)